हनुमानगढ़ , मार्च 08 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने महिलाओं को समाज की धुरी बताते हुए कहा हैं कि इनके सशक्त होने से ही समाज प्रगति और देश विकास करता है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को केन्द्र में रखकर नीतियों का निर्माण किया है।

श्री शर्मा रविवार को हनुमानगढ़ के धानमंडी में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर महिला अधिकार, सम्मान और समान अवसरों के प्रति जागरूकता का आह्वान करते हुए आधी आबादी की शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नारी शक्ति हम सबके लिए प्रेरणा स्रोत हैं। देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने देश का गौरव बढ़ाया है वहीं पीवी सिंधु, स्मृति मंधाना, मीराबाई चानू, हरमनप्रीत कौर, मनु भाकर, अवनी लेखरा ने विश्वभर में खेल के क्षेत्र में देश का नाम रोशन किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री मोदी ने महिलाओं को केन्द्र में रखकर नीतियों का निर्माण किया है और महिलाओं की सुरक्षा और गरिमा के लिए स्वच्छ भारत अभियान के तहत 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कराया है। उज्ज्वला योजना में 11 करोड़ से अधिक गैस कनेक्शन, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने 70 प्रतिशत से अधिक घर महिलाओं के नाम या संयुक्त नाम पर होने से तथा नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण से महिला उत्थान और सशक्तीकरण का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

श्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार आधी आबादी के सशक्तीकरण और उनकी सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। राज्य में 16 लाख से अधिक लखपति दीदी बनाई गईं है वहीं एक लाख 39 हजार स्वयं सहायता समूहों को 679 करोड़ रुपये की आजीविका सहायता उपलब्ध कराई गई है। मुख्यमंत्री एकल नारी सम्मान पेंशन योजना के तहत 19 लाख से अधिक महिला पेंशनरों को 6 हजार 876 करोड़ रुपये और मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 27 हजार से अधिक कन्याओं के विवाह के लिए लगभग 101 करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बालिकाओं के स्वास्थ्य एवं शिक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में लाडो प्रोत्साहन योजना बड़ी भूमिका निभा रही है और योजना के तहत सात किस्तों में डेढ़ लाख रुपये की राशि दी जा रही है। जिससे अब तक छह लाख से अधिक बालिकाओं को लाभ मिला है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मां वाउचर योजना सहित विभिन्न योजनाओं ने भी महिला कल्याण में सशक्त भूमिका निभा रही है।

श्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार के प्रभावी प्रयासों के फलस्वरूप महिला अत्याचार के प्रकरणों में जांच पूर्ण करने का औसत समय वर्ष 2020 के 128 दिन से घटकर 52 दिन रह गया है वहीं राज्य में वर्ष 2023 की तुलना में महिला अत्याचार के प्रकरणों में लगभग 10 प्रतिशत की कमी आई है।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि श्री शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार डीबीटी के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ महिलाओं को सुनिश्चित कर रही है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, साथिनों और सहायिका के मानदेय में 10 प्रतिशत बढ़ोतरी से महिलाओं के सशक्तीकरण का मार्ग प्रशस्त होगा। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पेट्रोल और डीज़ल के मूल्य में कमी कर श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों को बड़ी राहत दी है वहीं बिजली आपूर्ति के साथ नहरी पानी की उपलब्धता के लिए पांच हजार करोड़ रुपये देकर किसानों को बड़ी सौगात मिली।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने हनुमानगढ़ में एक हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया और लाडो प्रोत्साहन योजना पोर्टल लॉन्च किया। लाडो प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री मातृत्व पोषण योजना और बालिका दूरस्थ शिक्षा योजना के तहत लाभार्थियों को डीबीटी के माध्यम से राशि का अंतरण किया। इसके साथ ही पीएम स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना और स्वयं सहायता समूहों को ऋण वितरण के प्रतीकात्मक चेक भी सौंपे। साथिन मार्गदर्शिका का डिजिटल लॉन्च और पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान योजना के तहत पुरस्कार भी वितरित किए।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने महिलाओं से जुड़ी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। उन्होंने यहां गर्भवती महिला दिव्या की गोद भराई कर पोषण किट दिया। साथ ही छह महीने के शिशु को अन्नप्राशन भी कराया। मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर और श्रवण यंत्र भी वितरित किये। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर हनुमानगढ़ में आयोजित प्रदर्शनी और कार्यक्रम स्थल पर महिला पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित