महासमुंद , अप्रैल 09 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में सिंघोडा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आज एक ट्रक से 01 करोड़ 56 लाख 34 हजार 500 रुपये मूल्य का 312.590 किलोग्राम गांजा जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर रेहटीखोल के पास एक ट्रक को रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक में फैक्ट्री केमिकल के नीचे छुपाकर रखी गई 15 बोरियों में गांजा बरामद किया गया।
जांच में पता चला कि आरोपी उड़ीसा के सोनपुर से गांजा लेकर मुंबई (महाराष्ट्र) की ओर तस्करी के उद्देश्य से जा रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में एक मध्यप्रदेश तथा दूसरा कर्नाटक का निवासी है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट की धारा 20(बी) और 20(सी) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित