महासमुंद , फरवरी 04 -- पुरातात्विक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक नगरी सिरपुर में माघ पूर्णिमा से प्रारंभ हुआ तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव मंगलवार देर रात भव्य समारोह के साथ संपन्न हो गया। समापन कार्यक्रम में महासमुंद लोकसभा सांसद रुपकुमारी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में बीज निगम अध्यक्ष चन्द्रहास चन्द्राकर एवं महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा विशेष रूप से मौजूद रहे। मुख्य अतिथि ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। इसके पश्चात सिरपुर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत पर आधारित पुस्तक एवं कैलेंडर का विमोचन किया गया तथा कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत रायपुर की इशिका गिरी द्वारा प्रस्तुत मनमोहक कत्थक नृत्य से हुई, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। इसके बाद ओडिसी नृत्य, बस्तरिहा नाच, डंडा नृत्य, सोला सिंगार, अम्रपाली नृत्य नाट्य एवं लोक साधना समूह की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

समापन संध्या में मुंबई के प्रसिद्ध म्यूजिक डायरेक्टर एवं बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर मित ब्रदर्स की संगीतमय प्रस्तुति ने देर रात तक माहौल को संगीतमय बनाए रखा। उनकी प्रस्तुति पर दर्शक झूमते नजर आए और पूरे परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा।

तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव ने न केवल क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को मंच प्रदान किया, बल्कि पर्यटन और लोक कला के प्रचार-प्रसार को भी नई पहचान दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित