महासमुंद , दिसंबर 24 -- महासमुंद जिले में सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत लोकसभा स्तरीय दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ बुधवार को हुआ। खेल महोत्सव का आयोजन 24 एवं 25 दिसंबर 2025 तक किया जा रहा है।
प्रतियोगिता का उद्घाटन महासमुंद लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने मार्च पास्ट की सलामी ली, मशाल प्रज्ज्वलित कर खेल महोत्सव की विधिवत शुरुआत की तथा खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई।
सांसद खेल महोत्सव में महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की आठ विधानसभा से लगभग 1600 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल, 100 मीटर एवं 400 मीटर दौड़, गोला फेंक, भाला फेंक, लंबी कूद, ऊंची कूद तथा पारंपरिक गेड़ी दौड़ जैसी खेल विधाएं शामिल हैं।
प्रतियोगिता के पहले दिन 100 मीटर बालिका एवं 100 मीटर बालक दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच मिलता है और खिलाड़ी आगे बढ़कर जिला, राज्य एवं देश का नाम रोशन करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित