महासमुंद , मार्च 17 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में नियमित वाहन जांच के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोमाखान थाना क्षेत्र के टेमरी नाका पर की गई कार्रवाई में एक कार से भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई है। पुलिस ने वाहन में सवार दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है, जिसकी जानकारी मंगलवार को महासमुंद पुलिस ने दी।
जानकारी के अनुसार, जांच अभियान के दौरान ओडिशा की ओर से आ रही एक सफेद रंग की कार को सोमवार शाम रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन की सीट पर रखे बैग से 500 रुपये के नोटों के बंडल मिले, जिनकी कुल राशि 75 लाख रुपये आंकी गई।
कार में मौजूद व्यक्तियों ने खुद को ओडिशा के बलांगीर जिले का निवासी बताया। पूछताछ में उन्होंने रकम को सोना-चांदी के व्यापार से संबंधित बताया और इसे रायपुर पहुंचाने की बात कही, लेकिन मौके पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
दस्तावेजों के अभाव में पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए नकदी, कार और मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 85 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है, जिसमें 75 लाख कैश के अलावा कार और मोबाइल भी शामिल है ।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और बरामद रकम के स्रोत व उपयोग को लेकर विस्तृत जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित