महासमुंद, फरवरी 13 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एक नाबालिग किशोर का शव जंगल में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के कसडोल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सर्वा निवासी उद्रेश वर्मा (17) के रूप में हुई है, जो पिछले 15 दिनों से लापता था।

पुलिस ने मामले में हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उद्रेश 29 जनवरी को अपने साथियों के साथ टूड्री गांव में आयोजित मड़ई मेला देखने गया था। वापसी के दौरान उसने महासमुंद जिले के भंवरपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम पंचायत जमदरहा के आश्रित ग्राम जमनीडीह में एक परिचित युवती से मिलने की इच्छा जताई। दोस्तों द्वारा मना किए जाने के बावजूद वह रात लगभग 11 बजे गांव पहुंचा और एक साथी के मोबाइल फोन से युवती को कॉल कर उससे मिलने गया। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका।

अगले दिन 30 जनवरी को उसके मित्र धर्मेंद्र वर्मा ने भंवरपुर पुलिस चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। कुछ दिनों बाद वह मोबाइल फोन, जिससे युवती को कॉल किया गया था, गांव के समीप बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने तलाशी अभियान तेज करते हुए खोजी स्वान और तकनीकी संसाधनों की मदद ली लेकिन शुरुआती प्रयासों में कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका।

तलाशी के दौरान दोपहर करीब दो बजे पुलिस टीम को युवती के गांव से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में एक शव मिला। सूचना पर फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य संकलित किए। शव आंशिक रूप से क्षत-विक्षत अवस्था में मिला, जिससे आशंका जताई जा रही है कि जंगली जानवरों ने कुछ हिस्सों को नुकसान पहुंचाया है।

परिजनों ने कपड़ों और अन्य पहचान के आधार पर शव की शिनाख्त उद्रेश वर्मा के रूप में की। शव की स्थिति अत्यधिक खराब होने के कारण पोस्टमार्टम के लिए रायपुर स्थित मेडिकल कॉलेज भेजने की तैयारी की जा रही है, ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।

पुलिस संबंधित युवती और उसके परिजनों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों की जान पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी और वे फोन पर संपर्क में रहते थे।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पांडेय ने बताया कि मामले में हत्या या अन्य किसी कारण की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। जंगल में संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और क्षेत्र में पूछताछ जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित