बैतूल , फरवरी 15 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में महाशिवरात्रि पर्व से पहले पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 141.600 लीटर शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार सोना घाटी क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान सोना हिल कॉलोनी स्थित एक मकान से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत एक लाख 21 हजार 540 रुपये बताई गई है। शराब के परिवहन में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया गया है।

जिला पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सभी थाना प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए थे। इसके तहत जिलेभर में निगरानी अभियान चलाया जा रहा था।

जिसके तहत 14 और 15 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात पुलिस को सूचना मिली कि सोना हिल कॉलोनी निवासी महेश राठौर (24) के घर में अवैध शराब का भंडारण किया गया है। सूचना पर कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक देवकरण डेहरिया ने टीम के साथ दबिश दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई में कुल 141.600 लीटर शराब बरामद की गई।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह महाशिवरात्रि के अवसर पर लगने वाले सोना घाटी मेले में बिक्री के लिए शराब एकत्र कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया सहित उप निरीक्षक जगदीश ठाकुर, प्रधान आरक्षक तरुण पटेल, प्रधान आरक्षक शिव उइके, आरक्षक जतिराम एवं आरक्षक महेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से संकेत मिला है कि पर्व के दौरान अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस सतर्क है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित