रामनगर 15फरवरी (वार्ता) उत्तराखंड के रामनगर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भगवान भोलेनाथ के मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। भक्त दूध, बेलपत्र और गंगाजल अर्पित कर शिव आराधना में लीन हैं।

इसी क्रम में नैनीताल जिले के रामनगर स्थित प्रसिद्ध गूलर सिद्ध महादेव मंदिर में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।

रामनगर शहर से करीब एक किलोमीटर दूर पहाड़ी पर स्थित यह प्राचीन मंदिर श्रद्धा, इतिहास और लोकमान्यताओं का अद्भुत संगम माना जाता है। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई हर मनोकामना अवश्य पूर्ण होती है। यही कारण है कि महाशिवरात्रि के अवसर पर दूर-दूर से कांवड़िये और शिवभक्त यहां जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। आज तड़के से ही मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया था,हर हर महादेव और बम बम भोले के जयकारों से पूरा वातावरण शिवमय हो उठा। हजारों कांवड़ियों ने गंगाजल चढ़ाकर भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं के विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

गूलर सिद्ध महादेव मंदिर की विशेषता यह भी है कि इस पूरे क्षेत्र में यह एकमात्र ऐसा शिव मंदिर है, जहां महाशिवरात्रि के दौरान भव्य मेले का आयोजन होता है। मेले में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। पूजा-अर्चना के साथ-साथ प्रसाद वितरण और भंडारे का आयोजन भी किया जा रहा है।

प्राकृतिक सौंदर्य से घिरा यह मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि स्थानीय संस्कृति और परंपरा का भी प्रतीक है। महाशिवरात्रि पर यहां दर्शन करना भक्तों के लिए विशेष आध्यात्मिक अनुभव माना जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित