रायगढ़, 15 फरवरी 2026 ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को अपनी पत्नी कौशल्या साय के साथ रायगढ़ प्रवास के दौरान ग्राम कोसमनारा स्थित सत्यनारायण बाबा धाम में पूजा-अर्चना की।
श्री साय ने भगवान भोलेनाथ और सत्यनारायण बाबा की विधिवत पूजा कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की तथा समस्त प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। पूजा-अर्चना के पश्चात मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से एक करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया।
प्रस्तावित कार्यों में मुख्य भवन के सामने ग्रेनाइट फर्श सहित शेड निर्माण, आगंतुकों के विश्राम एवं भोजन हेतु शेड निर्माण, शौचालय परिसर भवन का निर्माण तथा पार्किंग क्षेत्र के लिए सीमेंट कांक्रीट सड़क निर्माण शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों से श्रद्धालुओं को बेहतर और सुव्यवस्थित सुविधाएं मिलेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोसमनारा स्थित यह धाम श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां की आध्यात्मिक ऊर्जा समाज को सकारात्मक दिशा और आत्मबल प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गुरुजनों के आशीर्वाद और जनता के विश्वास के साथ जनकल्याण के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ रही है।
रायगढ़ जिला मुख्यालय से लगभग सात किलोमीटर दूर स्थित यह धाम वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां सत्यनारायण बाबा एवं भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। स्थानीय जनश्रुति के अनुसार, सत्यनारायण बाबा वर्ष 1998 से कठोर तपस्या में लीन हैं। वर्ष 2003 में उन्हें '108' की उपाधि प्राप्त हुई, जिसके बाद धाम की ख्याति और अधिक बढ़ी। बताया जाता है कि बाबा ने पत्थरों को एकत्र कर शिवलिंग का स्वरूप निर्मित किया और उसी स्थान को अपनी तपोभूमि बनाया। वर्षा, ग्रीष्म और शीत-तीनों ऋतुओं में खुले स्थान पर रहकर भगवान भोलेनाथ की साधना करना उनकी तपस्या की विशेष पहचान है।
इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान, नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सरपंच, गणमान्य नागरिक, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित