देवरिया , फरवरी 13 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रुद्रपुर स्थित छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध दुग्धेश्वर नाथ मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व को देखते हुए शुक्रवार को जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

श्रीमती मित्तल ने पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के साथ प्राचीन दुग्धेश्वर नाथ महादेव मंदिर परिसर पहुंचकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुचारु व्यवस्थाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, दर्शन व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए समुचित बैरिकेडिंग एवं कतारबद्ध दर्शन की व्यवस्था की जाए। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, चिकित्सा एवं आपातकालीन सहायता, फायर सेफ्टी, प्रकाश व्यवस्था तथा स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

उन्होंने भीड़ नियंत्रण के प्रभावी प्रबंधन, मार्गों को अवरुद्ध न होने देने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित