मुंबई , फरवरी 19 -- एनसीपी (शरद पवार) की लोकसभा सांसद और कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने बुधवार को यहां एनसीपी विधायक रोहित पवार को उच्च सुरक्षा प्रदान करने की मांग की। श्री रोहित पवार ने आरोप लगाया था कि दिल्ली स्थित वीएसआर वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित दुर्भाग्यपूर्ण लियरजेट 45 एक्सर विमान, जिसमें उनके दिवंगत चाचा और उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने 28 जनवरी को यात्रा की थी, उसे "सत्ता में बैठे कुछ लोगों" ने जानबूझकर दुर्घटनाग्रस्त कराया।

मीडिया से बातचीत में सुश्री सुप्रिया सुले ने "संदिग्ध साजिश" की आशंकाओं पर चिंता जताई और कहा कि पार्टी नेताओं तथा अन्य लोगों द्वारा उठाए गए सवालों पर संसद में चर्चा होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि श्री रोहित पवार समेत कई लोगों के मन में इस घटना को लेकर असहजता और सवाल हैं। अजित पवार गुट के एनसीपी विधायक अमोल मिटकरी ने भी प्रश्न उठाए हैं। श्री उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना और कांग्रेस ने भी इस मुद्दे पर समर्थन जताया है।

सुश्री सुले ने कहा, "लोगों के मन में कई सवाल हैं और उन्हें जवाब मिलना चाहिए। मैं चाहती हूं कि जो हुआ वह किसी और के साथ न हो। मैं केंद्र के नागरिक उड्डयन मंत्रालय से अपेक्षा करती हूं कि वह प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रोहित पवार द्वारा उठाए गए कम से कम कुछ सवालों का जवाब दे।"उन्होंने कहा कि पूरे पवार परिवार और लाखों लोगों के मन में कई चिंताजनक प्रश्न हैं। अजित पवार के पुत्र पार्थ पवार और श्री जय पवार गहरे सदमे में हैं। श्री रोहित पवार द्वारा कई मुद्दे उठाए जाने के बाद उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा को लेकर भी चिंताएं बढ़ी हैं। इसलिए सरकार को उन्हें उच्च स्तरीय सुरक्षा उपलब्ध करानी चाहिए। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को संसद में उठाया गया है और उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है।

एनसीपी के विलय के सवाल पर सुश्री सुप्रिया सुले ने कहा कि दोनों एनसीपी ने नगर निगम, जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव साथ लड़े थे और श्री अमोल कोल्हे को महाराष्ट्र राज्य अध्यक्ष बनाया जाना था। वरिष्ठ नेताओं सुनील तटकरे और श्री प्रफुल्ल पटेल के कारण विलय रुकने के सवाल पर उन्होंने मराठी में कहा, "रामकृष्ण हरी. सबको सच पता है।"इस बीच, अजित पवार के छोटे बेटे जय पवार ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि विमान दुर्घटना में ब्लैक बॉक्स जल नहीं सकते, जैसा कि हाल ही में एएआईबी ने दावा किया था। उन्होंने दिल्ली स्थित वीएसआर वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड पर तत्काल प्रतिबंध लगाने और विमान के रखरखाव में संभावित गंभीर अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित