कानपुर , मार्च 14 -- उत्तर प्रदेश में कानपुर के पनकी क्षेत्र में शनिवार सुबह एक टूरिस्ट बस के सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराने से उसमे सवार एक महिला यात्री की मृत्यु हो गयी जबकि कई यात्री घायल हो गये। पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम आबिदी ने बताया कि सुबह लगभग छह बजे क्षेत्र के डिजिटल चौकी के अंतर्गत नासिक से आ रही एक यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में एक महिला यात्री भागीरथी की मौके पर ही मृत्यु हो गई जबकि अन्य यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिये अस्पताल भिजवाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को हैलट अस्पताल रेफर किया गया, जहाँ उनका उपचार चल रहा है।

बस गुरुवार को नासिक से चली थी जिसमें लगभग 50 यात्री सवार थे। प्रारम्भिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना संभवतः चालक को झपकी आने के कारण हुई प्रतीत होती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित