मुंबई , मार्च 28 -- मौसम विभाग के अनुसार मुंबई सहित महाराष्ट्र में भीषण गर्मी का असर जारी है, जबकि 30 मार्च से पांच अप्रैल के बीच राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने के आसार हैं।

पिछले दो दिनों से मुंबई में तेज गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे उमस और असहजता काफी बढ़ गयी।

मौसम विभाग के मुताबिक, सप्ताहांत में भी गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं है और शनिवार-रविवार काफी गर्म रहने वाले हैं।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक कृष्णानंद होसालिकर ने बताया कि मुंबई का अधिकतम तापमान अगले 2-3 दिनों तक सामान्य से अधिक बना रहेगा। उन्होंने कहा कि जहां मुंबई में तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास है, वहीं विदर्भ में 40-42 डिग्री सेल्सियस, कोंकण और मुंबई में 36-38 डिग्री सेल्सियस तथा मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में 38-40 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंच सकता है।

इस बीच, मौसम विशेषज्ञ आश्रेय शेट्टी ने संकेत दिया है कि मौसम में बदलाव आने वाला है। उनके अनुसार 30 मार्च से पांच अप्रैल के बीच महाराष्ट्र के कई हिस्सों में बारिश होने का अनुमान है।

इस अवधि में कोंकण और गोवा क्षेत्रों में भी बारिश के आसार हैं, जिससे जारी हीटवेव से कुछ राहत मिलने की उम्मीद जतायी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित