मुंबई , फरवरी 09 -- महाराष्ट्र जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के लिए मतों की गिनती राज्य के 12 जिलों में सोमवार सुबह 10.00 बजे से शुरू हुई। इनके लिये मतदान सात फरवरी को हुआ था और कुल मतदान 68.28 प्रतिशत रहा।

इन स्थानीय निकाय चुनावों में 727 जिला परिषद की सीटें और 1,454 पंचायत समिति की सीटें शामिल हैं और इनमें सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन, जिसमें भारतीय जनता पार्टी, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और दिवंगत अजीत पवार के नेतृत्व वाला राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शामिल है। इसे विपक्षी महा विकास अघाड़ी के बीच एक महत्वपूर्ण राजनीतिक परीक्षा के रूप में देखा जा रहा है।

पिछले महीने श्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में मौत होने के बाद शोक के माहौल में चुनाव हुए और इन क्षेत्रों में लगभग एक दशक में पहली बार जिला परिषद चुनाव हुए।

सुबह 11 बजे तक उपलब्ध शुरुआती रुझानों से संकेत मिला कि महायुति गठबंधन लगातार बढ़त बना रहा है जिसमें भाजपा कुल चार जिलों में आगे चल रही है। पश्चिमी महाराष्ट्र में, श्री अजीत पवार के एनसीपी गुट ने सोलापुर में अपना खाता खोला, जहां अश्विनी दलवी विजयी रहीं। पुणे जिला परिषद में, एनसीपी 10 सीटों पर आगे थी जबकि भाजपा छह सीटों पर दूसरे स्थान पर थी। रायगढ़ जिले में, पेन सीट पर शिवसेना और भाजपा आगे चल रही थीं, जबकि एनसीपी ने म्हास्ला के खरसाई गांव से पंचायत समिति में अपनी पहली जीत दर्ज की।

पवार परिवार के ऐतिहासिक जुड़ाव और एनसीपी की मजबूत उपस्थिति के कारण मराठवाड़ा एक प्रमुख केंद्र बिंदु बना हुआ है। मराठवाड़ा के पांच जिलों छत्रपति संभाजीनगर, परभणी, धाराशिव, लातूर और नांदेड़ में चुनाव हुए, जबकि जालना, बीड और हिंगोली में इस चरण में मतदान नहीं हुआ। इस क्षेत्र में मतदान प्रतिशत 65-67 प्रतिशत रहा, जिसमें छत्रपति संभाजीनगर में लगभग 65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

छत्रपति संभाजीनगर में नौ समितियों की 62 जिला परिषद सीटों और 124 पंचायत समिति सीटों पर चुनाव हुए, शुरुआती रुझानों में भाजपा छह सीटों पर आगे चल रही है। यह जनवरी में हुए नगर निगम चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन के बाद हुआ है, जिसमें ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन नगर निकाय में मजबूत बनकर उभरी थी। 2017 के जिला परिषद चुनावों में, भाजपा ने जिले में 22 सीटें प्राप्त की थीं, उसके बाद शिवसेना ने 18, एनसीपी ने 10 और कांग्रेस ने सात सीटें जीती थीं।

परभणी में जिला परिषद की 54 सीटें हैं, शुरुआती रुझान स्पष्ट नहीं हैं, हालांकि मतगणना शांतिपूर्ण बतायी जा रही है और यह जिला एनसीपी से संबंधित राजनीतिक समीकरणों के लिए महत्वपूर्ण बना हुआ है। धरशिव में भी, जहां 55 जिला परिषद सीटें हैं, कोई पुख्ता शुरुआती बढ़त नहीं दिख रही है और मुकाबला मुख्य रूप से ग्रामीण और कृषि से संबंधित मुद्दों पर केंद्रित है।

लातूर में 65 सीटें हैं और यह पारंपरिक रूप से कांग्रेस और एनसीपी का गढ़ रहा है, वहां चुनावी रुझान धीमी गति से आगे बढ़ रहे हैं। कांग्रेस उम्मीदवार द्वारा अपहरण के आरोप का हवाला देते हुए नाम वापस लेने के बाद चुनाव प्रचार ने सबका ध्यान आकर्षित किया है। नांदेड़ में 58 सीटें हैं और जिसे कभी कांग्रेस का गढ़ माना जाता था वहां शुरुआती संकेत में महायुति गठबंधन के लिए बढ़त दिखाई दे रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित