पुणे , दिसंबर 13 -- महाराष्ट्र में शीतलहर चलने से राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर सकता है।
मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार कई इलाकों में सुबह घना कोहरा देखा जा रहा है, जबकि मराठवाड़ा और विदर्भ में ठंड बढ़ गई है। विभाग ने चेतावनी दी है कि दिसंबर महीने में भी ठंड का मौसम बना रहेगा। ठंड बढ़ने पर कई विद्यालयों के खुलने के समय में बदालव किया गया है। उत्तर भारत में भी तापमान में तेज़ी से गिरावट देखी जा रही है। पंजाब, उत्तराखंड, जम्मू- कश्मीर, हरियाणा, मध्य प्रदेश, बिहार और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में शीतलहर तेज़ी से बढ़ रही है। इन क्षेत्रों में हाड कंपाने वाली हवाओं के कारण महाराष्ट्र में भी तापमान गिर रहा है।
मौसम विभाग ने कहा है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। पुणे, मुंबई और नासिक जैसे शहरों में उत्तर से चलने वाली ठंडी हवाओं के कारण काफ़ी ठंड महसूस हो रही है। विभाग के अनुसार शीतलहर जारी रहेंगी, जिससे पूरे राज्य में सर्दियों का तापमान सामान्य से कम रहेगा। न्यूनतम तापमान की बात करें तो जेउर में पांच डिग्री सेल्सियस, जबकि परभणी और निफाड़ में क्रमशः 5.5 डिग्री सेल्सियस और 5.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। अहिल्यानगर और नासिक में तापमान आठ डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। वाशिम, सतारा, भंडारा, गोंदिया और नागपुर सहित अन्य जिलों में न्यूनतम तापमान लगभग 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। छत्रपति संभाजीनगर, जालना, परभणी, नांदेड़, बीड, लातूर, हिंगोली और अकोला में भी ठंड बढ़ गई है, जो राज्य के अधिकांश हिस्सों में काफी ठंड बढ़ने के आसार हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित