अहिल्यानगर , अक्टूबर 17 -- महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक एवं अहिल्यानगर जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष शिवाजी भानुदास कर्डिले का शुक्रवार को निधन हो गया। वह 67 वर्ष के थे।
श्री कर्डिले महाराष्ट्र के नगर-राहुरी-पाथर्डी निर्वाचन क्षेत्र से विधायक थे। उन्होंने सुबह-सुबह सीने में दर्द की शिकायत की। इसके बाद परिवार के सदस्य उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, जहां पर उनका निधन हो गया।
महाराष्ट्र की राजनीति के प्रमुख चेहरा श्री कर्डिले की यात्रा जमीनी स्तर पर नगर शहर के पास बुरहानगर गाँव के सरपंच के रूप में शुरू हुयी थी। उन्होंने राजनीतिक स्तर पर विभिन्न पदों पर रहते हुये अपनी सेवा दी थी। इन वर्षों में, वह राजनीतिक स्तर पर आगे बढ़े। उन्होंने विभिन्न पदों पर कार्य किया तथा कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और बाद में भाजपा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ जुड़े।
प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री कर्डिले ने सुबह सीने में दर्द की शिकायत की थी। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन भर्ती होने से पहले ही श्री कर्डिले ने दम तोड़ दिया। मौजूदा समय में वह राहुरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक थे। उनका राजनीतिक सफर नगर शाहरा के पास बुरहानगर गाँव के सरपंच से लेकर विधायक और पूर्व मंत्री तक का रहा है। उन्होंने कांग्रेस, राकांपा और भाजपा जैसी पार्टियों के लिए काम किया है। उन्होंने राकांपा से लोकसभा चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। श्री कर्डिले ने 2014 में भाजपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनके लिए राहुरी में एक जनसभा को संबोधित किया था।
श्री कर्डिले का बचपन अहिल्यानगर जिले में बीता। माध्यमिक शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने डेयरी व्यवसाय शुरू किया, जिससे उन्हें स्थानीय स्तर पर पहचान मिली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित