बिलासपुर , अप्रैल 16 -- ) छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से मजदूरी के लिए महाराष्ट्र गए एक श्रमिक परिवार के साथ मारपीट और बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर मजदूर को सुरक्षित छुड़ाने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मस्तूरी क्षेत्र के पचपेड़ी सुकुलकारी गांव का एक परिवार नवंबर 2025 में काम की तलाश में महाराष्ट्र के पुणे जिले के चांदे गांव गया था। वहां ठेकेदार द्वारा कथित रूप से उनके साथ मारपीट की गयी।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि इलाज के लिए मजदूरी का पैसा मांगने पर ठेकेदार भुवनेश्वर राय और सुरेंद्र राय ने उनके साथ मारपीट की। इस दौरान गर्भवती महिला के पति संतोष महिलांगे को जबरन बंधक बना लिया गया।
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर मारपीट और दबाव बनाने के दृश्य दिखाई दे रहे हैं, जिससे मामले की गंभीरता बढ़ गई है। डरे-सहमे परिजन किसी तरह बिलासपुर लौटे और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्हें श्रम विभाग में भी शिकायत करने की सलाह दी गई है।
बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने गुरुवार को कहा कि उन्हें पहले इस घटना की जानकारी नहीं थी। अब जानकारी मिलने के बाद मामले की जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि राज्य से बाहर काम करने जाने वाले श्रमिकों का पंजीयन किया जाता है और उन्हें सतर्क रहने की आवश्यकता है। इसके बावजूद यदि ऐसी घटनाएं सामने आती हैं, तो प्रशासन कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।
गौरतलब है कि इस घटना ने प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा और उनके अधिकारों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासनिक कार्रवाई पर अब सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित