मुंबई , जनवरी 30 -- महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) अजीत पवार गुट के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि उपमुख्यमंत्री के पद पर फैसला पार्टी विधायकों और वरिष्ठ नेताओं से सलाह-मशविरा के बाद लिया जाएगा। उनका यह बयान उपमुख्यमंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजीत पवार की दुखद मौत के दो दिन बाद आया है।

श्री पटेल ने राकांपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे, वरिष्ठ मंत्री छगन भुजबल, हसन मुश्रीफ और पूर्व मंत्री धनंजय मुंडे के साथ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की।

श्री अजीत पवार की आकस्मिक मृत्यु के बाद उपमुख्यमंत्री के पद और उनके पास मौजूद प्रमुख विभागों, जिसमें वित्त, खेल और उत्पाद शुल्क शामिल हैं, इन पर तत्काल निर्णय लेने की आवश्यकता है।

श्री पटेल ने कहा कि पार्टी के भविष्य के राष्ट्रीय नेतृत्व पर भी फैसला लेने की जरूरत है। उन्होंने कयासों को स्पष्ट करते हुए कहा कि श्री अजीत पवार की विधवा सुनेत्रा पवार के बारे में मुख्यमंत्री के साथ कोई चर्चा नहीं हुई। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री के पद सहित कोई भी जिम्मेदारी उन्हें सौंपी जानी चाहिए या नहीं, इस पर फैसला करने के लिए आंतरिक परामर्श किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित