पटना , जनवरी 16 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कारपोरेशन (बीएमसी) समेत महाराष्ट्र के नगर निगम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की नेतृत्व वाली गठबंधन को मिली शानदार सफलता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों की जीत है।
श्री चौधरी ने आज बयान जारी कर कहा कि यह प्रदेश में देवेंद्र फडनवीस सरकार के जनता के हित में लगातार किए जा रहे कार्यों की जीत है। उन्होंने कहा कि राज्य के 29 नगर निगमों में बीएमसी समेत, अधिकांश निगमों में भाजपा नेतृत्व वाली गठबंधन जीत की ओर अग्रसर है।
श्री चौधरी ने कहा कि महाराष्ट्र की जनता ठोस विकास और सुशासन के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि बीएमसी गठन के 45 वर्षों बाद भाजपा ने पहली बार सबसे बड़ी पार्टी बनने का गौरव हासिल किया है। मुंबई वासियों ने एतिहासिक चुनाव किया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बाद अब नगर निगम चुनावों में भी मुंबई और महाराष्ट्र की जनता ने भाजपा और उसके सहयोगी दलों पर भरोसा जताया है। यह जनादेश बताता है कि लोग नकारात्मक राजनीति से ऊपर उठकर विकास और स्थिरता को प्राथमिकता दे रहे हैं। मुंबई की जनता ने भाषा और क्षेत्रवाद की राजनीति करने वालों को करारा जवाब दिया है।
श्री चौधरी ने कहा-यह जीत आने वाले समय में महाराष्ट्र में विकास की रफ्तार को और तेज करेगी और भाजपा के सुशासन मॉडल को स्थानीय निकाय स्तर पर भी मजबूती प्रदान करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित