‎पटना , जनवरी 16 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष संजय सरावगी ने शुक्रवार को महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव में पार्टी की जीत पर कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह जनादेश भाजपा के नेतृत्व, संगठन और विश्वास की जीत है।

‎श्री सरावगी ने कहा कि महाराष्ट्र की जनता ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अपना विश्वास दिखाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा एवं राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में भाजपा ने यह शानदार सफलता हासिल की है।

‎‎ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस चुनाव में लोगों ने विकास को प्राथमिकता दी है और नकारात्मक राजनीति को नकार दिया किया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के युवाओं ने प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों और राज्य सरकार के विजन पर भरोसा जताया है। युवाओं का भाजपा के पक्ष में आना इस बात का प्रमाण है कि नई पीढ़ी विकसित भारत के संकल्प के साथ मजबूती से खड़ी है।

‎‎श्री सरावगी ने कहा कि बिहार के चुनाव में मिली प्रचंड जीत और उसके बाद महाराष्ट्र निकाय चुनाव में मिली अभूतपूर्व सफलता इस बात का प्रमाण है कि युवाओं ने विकसित भारत के नाम पर मतदान किया है। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि महाराष्ट्र की जनता ने विपक्ष को वोट के चोट से झटका दिया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में सभी नगर समितियों और नगर निगमों के लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों, उनके राष्ट्रवाद और विकसित भारत के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर मुहर लगाई है।

‎‎भाजपा के अध्यक्ष ने कहा कि यह जीत साफ दिखाती है कि मतदाता अब गुमराह करने वाले राजनीतिक दलों की चाल में नहीं फंसने वाले हैं। जनता को इनकी सच्चाई का पता चल गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित