मुंबई , जनवरी 16 -- महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों की मतगणना के दौरान कई प्रमुख शहरों से शुरुआती रुझान सामने आने लगे हैं। अब तक उपलब्ध रुझानों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाला गठबंधन कई क्षेत्रों में बढत बनाये हुये है।
हाई-प्रोफाइल मुंबई नगर निगम में भाजपा-शिवसेना (शिंदे गुट) की महायुति ने शुरुआती बढ़त हासिल की है। शुरुआत में बड़े अंतर से पीछे चल रहा ठाकरे बंधुओं का गठबंधन हालांकि अब अंतर कम करता नजर आ रहा है। ताजा रुझानों के मुताबिक, भाजपा-शिवसेना (शिंदे) गठबंधन 61 सीटों पर आगे चल रहा है, जबकि उद्धव ठाकरे गुट-महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) गठबंधन 37 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। कांग्रेस 10 सीटों पर आगे चल रही है।
भाजपा पुणे, कल्याण-डोंबिवली और नवी मुंबई नगर निगमों में भी बढ़त बनाये हुये है, जबकि ठाणे में शिवसेना (शिंदे गुट) ने बढ़त बना ली है। मुंबई, ठाणे, पुणे और नागपुर नगर निगमों के नतीजों पर खास नजर रखी जा रही है। इनके नतीजों से राज्य की राजनीतिक तस्वीर पर बड़ा असर पड़ सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित