हिंगोली (महाराष्ट्र) , अप्रैल 08 -- महाराष्ट्र के हिंगोली में स्थानीय अपराध शाखा ने फर्जी रेलवे पुलिस बनकर लोगों, यहां तक कि पुलिस अधिकारियों से ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चौथे की तलाश जारी है।
अपराध शाखा के अनुसार, यह गिरोह मध्य प्रदेश का रहने वाला है और रेलवे अधिकारी बनकर लोगों से पैसे वसूलता था।
जांच में सामने आया कि आरोपी अज्ञात नंबरों से कॉल कर खुद को "खंडवा रेलवे स्टेशन के इंस्पेक्टर मनोज कुमार" बताकर बात करते थे। इसके बाद वे रेलवे हादसे की झूठी कहानी सुनाकर लोगों को भावनात्मक रूप से फंसाते थे।
इसी तरह का एक कॉल कालामनुरी पुलिस स्टेशन के अधिकारी प्रेमप्रकाश मकोडे को किया गया। कॉलर ने दावा किया कि कालामनुरी की एक लड़की की खंडवा में रेल दुर्घटना में मौत हो गई है और शव लाने के लिए आइस बॉक्स हेतु 5,000 रुपये की जरूरत है। मानवीय आधार पर श्री मकोडे ने तुरंत पैसे ट्रांसफर कर दिए।वहीं, वसमत ग्रामीण के सहायक पुलिस निरीक्षक गजानन बोराटे को भी इसी तरह कॉल किया गया, लेकिन उन्हें संदेह हुआ। जांच करने पर पता चला कि खंडवा में कोई हादसा हुआ ही नहीं, जिससे ठगी का खुलासा हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित