मुंबई , मार्च 06 -- महाराष्ट्र के नवनियुक्त राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा वर्तमान में तेलंगाना के राज्यपाल हैं और त्रिपुरा के पूर्व उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं।

श्री वर्मा जल्द ही राज्यपाल के रूप में पद की शपथ लेंगे। वह श्री आचार्य देवव्रत का स्थान लेंगे, जो सितंबर 2025 से महाराष्ट्र के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे।

त्रिपुरा के अगरतला में 15 अगस्त, 1957 को जन्मे श्री वर्मा राज्य के पूर्व शाही परिवार से ताल्लुक रखते हैं। वह महाराजा बीर बिक्रम किशोर माणिक्य बहादुर के भतीजे और प्रद्योत बिक्रम माणिक्य देब बर्मा के चाचा हैं। उनके पिता रमेंद्र किशोर देबबर्मा ने महाराजा के सैन्य सचिव और गृह सचिव के रूप में कार्य किया था।

श्री वर्मा ने कलकत्ता विश्वविद्यालय से अंग्रेजी साहित्य में बीए (ऑनर्स) की पढ़ाई पूरी की है। उनका विवाह सुधा देबबर्मा से हुआ है और उनके दो बेटे, प्रतीक किशोर देव वर्मा और जयबंत किशोर देव वर्मा हैं।

श्री वर्मा खेल प्रशासन और सांस्कृतिक गतिविधियों से भी जुड़े रहे हैं। उन्होंने भारतीय बैडमिंटन संघ की त्रिपुरा इकाई का नेतृत्व किया है और साहित्य, फोटोग्राफी तथा सांस्कृतिक संरक्षण में उनकी गहरी रुचि है। उनकी कुछ तस्वीरों को 'द रिशा, हिस्ट्री इन अ नैरो वीव' नामक प्रकाशन में भी स्थान दिया गया था। अपने शाही वंश के कारण उन्हें अक्सर 'कर्ता' (राजकुमार के लिए प्रयुक्त शब्द) कहकर संबोधित किया जाता है। हाल के वर्षों में उन्होंने त्रिपुरा के इतिहास, संस्कृति, भाषा और स्वदेशी परंपराओं पर कई पुस्तकें और निबंध लिखे हैं।

उनका राजनीतिक सफर 1990 के दशक की शुरुआत में राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ शुरू हुआ था। बाद में उन्होंने चुनावी राजनीति में प्रवेश किया और 2018 से 2023 तक त्रिपुरा विधानसभा में चारीलम निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने 2018 में यह सीट जीती थी, लेकिन 2023 के चुनाव में उन्हें टिपरा मोथा पार्टी के सुबोध देब बर्मा से हार का सामना करना पड़ा।

मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब के नेतृत्व में श्री वर्मा ने 09 मार्च, 2018 को उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने वित्त, बिजली, पंचायत सहित ग्रामीण विकास, योजना और समन्वय तथा विज्ञान, प्रौद्योगिकी और पर्यावरण जैसे महत्वपूर्ण विभागों का कार्यभार संभाला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित