नयी दिल्ली , जनवरी 25 -- केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र के किसानों के हित में रविवार को एक बड़ा फैसला लेते हुए राज्य के किसानों से 3.37 लाख टन तूअर (अरहर) दाल की खरीद को हरी झंडी दे दी।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मूल्य समर्थन योजना (पी.एस.एस.) के तहत इस प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की। इस मद में लगभग 2,696 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

महाराष्ट्र के विपणन मंत्री जयकुमार रावल के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक में श्री चौहान ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि खरीद की प्रक्रिया इस तरह से संचालित की जाए कि बिचौलियों की भूमिका पूरी तरह समाप्त हो जाए और लाभ सीधे वास्तविक किसानों की जेब तक पहुँचे।

किसानों की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए श्री चौहान ने नेफेड और एनसीसीएफ को निर्देश दिया कि वे राज्य सरकार के साथ बेहतर तालमेल बिठाकर काम करें। उन्होंने कहा कि अगर आवश्यक हो तो खरीद केंद्रों की संख्या में तुरंत बढ़ोतरी की जाए ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में कोई असुविधा न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित