अकोला , अक्टूबर 22 -- महाराष्ट्र के अकोला जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से तीन लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि यह घटना मंगलवार रात को कटेपुर्णा और पैलपाड़ा गाँवों के बीच हुई। चार लोग खराब हुई अपनी कार के पास खड़े थे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
मृतकों की पहचान धीरज शिरसाट, अश्विनी शिरसाट और वाहन चालक आरिफ खान के रूप में हुई है। सभी बोरगाव मंजू के निवासी थे। श्री धीरज और श्रीमती अश्विनी पति पत्नी थे। घायल को अकोला जिला अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है, जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुँची और पंचनामा करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित