जौनपुर , जनवरी 07 -- महाराष्ट्र भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उपाध्यक्ष कृपाशंकर सिंह ने बुधवार को कहा कि मौजूदा समय में पूरे महाराष्ट्र का हिंदी भाषी समाज भाजपा के साथ है और इस बार भाजपा नीत महायुति का ही महापौर बनेगा।

श्री सिंह ने कहा कि महाराष्ट्र के लगभग सभी महानगरपालिका क्षेत्रों में हिंदी भाषियों की संख्या निर्णायक है। इसलिए सभी 29 महानगरपालिकाओं में इस बार भाजपा नीत महायुति का ही महापौर बनेगा।

उन्होंने यूनावार्ता से कहा कि मुंबई-ठाणे-नई मुंबई मीराभायंदर और कल्याण डोंबीवली मिलाकर हिंदी भाषियों की संख्या डेढ़ करोड़ से अधिक है। इनमें करीब 40 प्रतिशत आबादी हिंदी भाषी राज्यों से आए लोगों की है। इस प्रकार डेढ़ करोड़ की आबादी में लगभग 60 लाख हिंदी भाषी किसी भी चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि कि कभी मुंबई का हिंदी भाषी समाज कांग्रेस के साथ हुआ करता था, लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों के कारण जिस प्रकार लगभग सभी हिंदी भाषी राज्यों की जनता आज भाजपा के साथ मजबूती से खड़ी है, उसी प्रकार बृहन्मुंबई क्षेत्र की हिंदी भाषी जनता भी आज पूरी तरह से भाजपा के साथ है।

श्री सिंह ने कहा कि संविधान बदलने का भ्रमित करने वाला संदेश प्रसारित कर तब महाविकास आघाड़ी को बोड़ी कामयाबी मिल गई थी, लेकिन जल्द ही लोगों को सच्चाई समझ में आ गई और विधानसभा चुनाव में उन्होंने अपनी गलती सुधार ली। अब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की विकासोन्मुखी नीतियों के कारण हर वर्ग का मतदाता भाजपा के साथ है। इसकी एक बानगी कुछ ही दिनों पहले नगर परिषद एवं नगर पंचायत चुनावों में भाजपानीत गठबंधन की एकतरफा जीत के रूप में देखी गई है। अब वही सफलता भाजपा 29 महानगरपालिका के चुनावों में भी दोहराने जा रही है, यानी सभी 29 महानगरपालिकाओं में भाजपानीत महायुति का ही महापौर बनने जा रहा है। सिंह के अनुसार, भाजपा की दृष्टि से ये स्थानीय निकाय चुनाव बहुत महत्वपूर्ण होने जा रहे हैं, क्योंकि इनमें मिलने वाली सफलता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निर्देशानुसार '2029 में शत प्रतिशत भाजपा' का लक्ष्य पूरा करने में मदद करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित