चंडीगढ़ , फरवरी 21 -- केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री तथा ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शनिवार को हरियाणा के करनाल में राष्ट्रीय राजमार्ग -44 स्थित महाराणा प्रताप महाराणा प्रताप बागवानी विश्वविद्यालय पहुंचे और निर्माणाधीन भवन की प्रगति की समीक्षा की।
श्री खट्टर ने एमएचयू के मुख्य परिसर में बन रही इमारत का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि करनाल में महाराणा प्रताप के नाम पर स्थापित यह बागवानी विश्वविद्यालय क्षेत्र में फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य उन्नत बागवानी तकनीकों का विकास करना और कृषि क्षेत्र में अनुसंधान को प्रोत्साहित करना है जिस दिशा में संस्थान तेजी से कार्य कर रहा है।
उन्होंने बताया कि सरकार फलों व सब्जियों की खेती को बढ़ावा देने तथा मधुमक्खी पालन को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न रियायतें और सुविधाएं प्रदान कर रही है। बागवानी को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा सब्जियों व फलों हेतु भावांतर भरपाई योजना लागू की गई है, जिससे बाजार में कीमतों में गिरावट के समय किसानों को राहत मिलती है।
इसके अलावा फल फूल और सब्जियों की बिक्री के लिए विशेष मंडियां भी विकसित की जा रही हैं, ताकि किसानों को दूर न जाना पड़े। मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच के अनुरूप किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार अनेक योजनाएं चला रही है जिनका सीधा लाभ किसानों को मिल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित