रायपुर , मार्च 20 -- छत्तीसगढ़ में आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम पारागांव में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 स्थित महानदी पुल के नीचे शुक्रवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पारागांव निवासी प्रेमलाल पाल (18) के रूप में की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही आरंग पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक निरीक्षण में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध बना हुआ है।

थाना प्रभारी हरीश साहू के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक अपनी शारीरिक परेशानियों को लेकर मानसिक रूप से तनाव में था। बताया जा रहा है कि उसने घटना से पहले अपने भाई को व्हाट्सएप के माध्यम से अपनी स्थिति के बारे में जानकारी दी थी।

जानकारी के मुताबिक, मृतक गुरुवार शाम अपने एक मित्र के साथ घर से निकला था। निसदा मोड़ के पास वह आइसक्रीम खाने के लिए रुका, जिसके बाद उसका मित्र आगे बढ़ गया और युवक वहीं रुक गया था।

फिलहाल पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित