कवर्धा , फरवरी 09 -- छत्तीसगढ़ में प्रतिबंधित ऑनलाइन सट्टा एप 'महादेव' पर सख्ती के बाद उसके विकल्प के रूप में सामने आ रहे नए प्लेटफॉर्म अब पुलिस के रडार पर हैं। इसी कड़ी में कवर्धा पुलिस ने 'किंगडम बुक डॉट कॉम' नामक ऑनलाइन सट्टा पैनल के जरिए अवैध गतिविधियां संचालित कर रहे एक बड़े सट्टेबाज को गिरफ्तार किया है, जिसका खुलासा आज पुलिस ने किया ।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजा सरदार उर्फ सत्यवीर सिंह खुराना के रूप में हुई है, जो जिले में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का संचालन कर रहा था। लंबे समय से मिल रही शिकायतों और साइबर इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
जांच में सामने आया है कि इस ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का संचालन रायपुर निवासी अनीश खान के निर्देश पर किया जा रहा था, जो इस पूरे रैकेट का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। अनीश खान द्वारा सुपर आईडी उपलब्ध कराई जाती थी, जिसके जरिए जिले और आसपास के क्षेत्रों में सट्टा खिलाया जा रहा था। इस नेटवर्क में स्वयम खुराना नामक व्यक्ति की भी अहम भूमिका बताई जा रही है, जो फिलहाल फरार है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 'किंगडम बुक डॉट कॉम' प्लेटफॉर्म के माध्यम से 70 से 80 ऑनलाइन सट्टा आईडी वितरित की जा चुकी थीं। इन आईडी के जरिए करोड़ों रुपए के अवैध लेन-देन की आशंका जताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से कई मोबाइल फोन और डिजिटल डिवाइस जब्त किए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपी राजा सरदार पूर्व में गांजा तस्करी के एक मामले में जेल जा चुका है। पुलिस का मानना है कि डिजिटल सबूतों की जांच के बाद इस नेटवर्क से जुड़े कई अन्य नामों का भी खुलासा हो सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित