जमुई , नवंबर 05 -- उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी(सपा) के नेता अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि बिहार में महागठबंधन की सभाओं में उमड़ती भीड़ बता रही है कि प्रदेश बदलाव के लिए तैयार है।
श्री यादव ने कहा कि जब सरकार बदलेगी तभी बिहार बदलेगा। उन्होंने कहा कि बिहार महापुरुषों की धरती है, इसी धरती पर भगवान महावीर और गौतम बुद्ध ने मानवता का संदेश दिया था। यह जननायक कर्पूरी ठाकुर और लालू प्रसाद की धरती है, जिन्होंने प्रदेश में सामाजिक न्याय को आगे बढ़ाते हुए उसे समाज के निचले स्तर तक पहुँचाया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के साथ अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद भी मंच पर विराजमान थे, उन्हें दिखाते हुए श्री यादव ने कहा कि पिछले लोकसभा के चुनाव में अवधेश जी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) को अयोध्या में पराजित किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा के चुनाव में सपा ने भाजपा को उत्तरप्रदेश में पराजित किया और अब बिहार की बारी है कि भाजपा के विरुद्ध विजय रथ को आगे बढ़ाए।
श्री यादव ने कहा की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) बिहार में अपने 20 साल के शासन के नाम पर वोट मांग रहा है और उसमें मोदी जी के केंद्र में शासन के 11 वर्षों को भी जोड़ दिया जाए तो 31 साल के कुशासन की चर्चा होनी चाहिए।
सपा नेता ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी जब बिहार में रोजगार देने की बात करते हैं तो एनडीए के नेता उनकी खिल्ली उड़ाते हैं। इस संबंध में उन्होंने केंद्र की एनडीए सरकार से कहा कि उन्हें पिछले 11 वर्षों में युवाओं को दिये गए रोजगार का आंकड़ा पेश करना चाहिए।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार इलेक्ट्रॉल बांड के नाम से चंदे वसूलती है और देश में सबसे ज्यादा चंदा इसी पार्टी को मिलता है। उन्होंने कहा कि इसी सरकार ने कभी नोटबंदी की थी और नोटों के बंडल बनाए गए थे। उन्होंने कहा कि यह 'बंडल बनाने वाली बंडलबाज' सरकार है।
श्री यादव ने पत्रकारों पर भी तंज किया और कहा कि इनका दोष नहीं है, इनके पीछे जो मालिक बैठे हुए हैं, वह जैसा चाहते हैं, वैसी खबरें लोगों के सामने परोसी जाती हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि राजद नेता तेजस्वी रोजगार देने की बात कर रहे हैं और उन्होंने अपने उपमुख्यमंत्री रहते हुए सीमित अधिकारों के बावजूद बड़ी संख्या में नौकरियों का प्रावधान किया था और भविष्य में भी जब उनकी सरकार बनती है, तो वह प्रदेश के प्रत्येक बेरोजगार को नौकरी देने का वादा कर रहे हैं।
श्री यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आजकल एक रंग में दिखने वाले मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने समाजवादी पार्टी की विद्यार्थियों को लैपटॉप देने की योजना बंद कर दी है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय बिहार के ऊपर सब की निगाहें हैं और जब भाजपा को बिहार में हार मिलेगी तो उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में उनको हराने का मार्ग प्रशस्त होगा।
श्री यादव ने कहा कि बिहार में सरकार बदलने के बाद सामाजिक न्याय के साथ लोगों की जिंदगी में सुधार होगा, रोजगार के अवसर बनेंगे, सीएम जीविका दीदियों तीस हजार और अन्य महिलाओं के खाते में ढाई हजार रुपए महीना मिलने लगेगा। किसानों को सस्ता खाद मिलेगा, महिलाओं को सस्ते गैस सिलेंडर मिलेंगे और कानून व्यवस्था में भी पहले से काफी सुधार आएगा। उन्होंने जमुई की जनता से अपील की कि लालटेन छाप पर मुहर लगाकर महागठबंधन को विजयी बनाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित