नई दिल्ली , अक्टूबर 23 -- बिहार विधानसभा चुनाव के लिए महागठबंधन की तरफ से साझा घोषणापत्र अगले हफ्ते पटना में जारी किया जा सकता है।

सूत्रों के अनुसार 28 अक्टूबर को महागठबंधन का साझा घोषणापत्र जारी किया जा सकता है जिसमें महिलाओं पर विशेष फोकस किया गया है। सूत्रों का कहना है कि इसके साथ ही नौकरी, पलायन और रोजगार पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।

महागठबंधन के साझा संकल्प पत्र में इस बार 'आर्थिक न्याय' पर विशेष ध्यान देने की तैयारी है। साथ ही इसमें रोजगार, शिक्षा, महिलाओं की भागीदारी और सामाजिक सुरक्षा पर भी ठोस वादे होंगे। बिहार के लिए महागठबंधन की तरफ से पहले ही कांग्रेस पार्टी ने कुछ महत्वपूर्ण घोषणाएं कर रखी हैं जिसमें महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए, 25 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज, भूमिहीन परिवारों के लिए 3 से 5 डिसमिल जमीन और अतिपिछड़ा वर्ग को न्याय दिलाने जैसे मुद्दे शामिल हैं।

गौरतलब है कि गुरुवार को महागठबंधन की तरफ से मुख्यमंत्री चेहरा राष्ट्रीय जनता दल(राजद) के तेजस्वी यादव और उपमुख्यमंत्री चेहरा मुकेश सहनी के नाम का ऐलान भी कर दिया गया है। राजस्थान पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार को महागठबंधन की साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसका ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगर हमारी सरकार बनी तो उपमुख्यमंत्री मुकेश सहनी होंगे। उप मुख्यमंत्री और भी लोग बनाए जाएंगे, जो पिछड़े समुदाय से होंगे।

महागठबंधन में राजद और कांग्रेस के साथ साथ सीपीआई(एमएल) और अन्य वामपंथी दलों के साथ साथ विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित