उज्जैन , फरवरी 06 -- मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन के राजाधिराज भगवान महाकालेश्वर मंदिर में इस बार 10 दिनों तक महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जाएगा।

आज से शुरू हुई नवरात्रि के दौरान भगवान महाकालेश्वर हर दिन दूल्हा बनेंगे और प्रतिदिन नया श्रृंगार किया जाएगा।

श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के सूत्रों ने बताया कि विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में आज शुक्रवार से शिव नवरात्रि के आरंभ के साथ उत्सव के पहले दिन परंपरा के अनुसार सबसे पहले नैवेद्य कक्ष में भगवान चंद्रमौलेश्वर का पूजन हुआ जिसके पश्चात भगवान कोटेश्वर महादेव का विशेष पूजन-अभिषेक और आरती की गई।

सूत्रों ने बताया कि मंदिर में इस वर्ष महाशिवरात्रि उत्सव तिथियों की बढ़ोतरी के कारण 10 दिनों (6 से 15 फरवरी) तक मनाया जाएगा। आज कोटेश्वर महादेव पूजन से शुरू होने वाले पर्व में भगवान महाकालेश्वर का प्रतिदिन विशेष श्रृंगार होगा। 16 फरवरी को सेहरा दर्शन और वर्ष में एक बार होने वाली दोपहर की भस्म आरती के साथ उत्सव का समापन होगा।

श्री महाकालेश्वर मंदिर एकमात्र ऐसा स्थान है जहां महाशिवरात्रि का उत्सव पूरे 9 दिनों तक धूमधाम से मनाया जाता है। कोटेश्वर महादेव का आज पूजन अर्चन करने के साथ इस 10 दिवसीय उत्सव की शुरुआत हो चुकी है। इसके बाद प्रतिदिन बाबा महाकाल का विभिन्न स्वरूपों में श्रृंगार किया जाएगा। महाशिवरात्रि पर महाकालेश्वर मंदिर के पट 44 घंटे तक खुले रहेंगे जिससे देश ही नहीं बल्कि विदेशों से आने वाले श्रद्धालु महाकाल के आसानी से दर्शन कर सकेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित