नयी दिल्ली, सितंबर 28 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महर्षि वाल्मीकि को भारतीय संस्कृति के बड़ा आधार बताते हुए रविवार को कहा कि उन्होंने ही हमें भगवान राम की अवतार कथाओं से इतने विस्तार से परिचित करवाया ।
श्री मोदी ने अपने मासिक रेडियो प्रसारण कार्यक्रम मन की बात में कहा, ''अगले महीने सात अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती है। हम सब जानते हैं, महर्षि वाल्मीकि भारतीय संस्कृति के कितने बड़े आधार हैं। ये महर्षि वाल्मीकि ही थे, जिन्होंने हमें भगवान राम की अवतार कथाओं से इतने विस्तार से परिचित करवाया था। उन्होंने मानवता को रामायण जैसा अद्भुत ग्रंथ दिया।
उन्होंने कहा रामायण का ये प्रभाव उसमें समाहित भगवान राम के आदर्शों और मूल्यों के कारण है। भगवान राम ने सेवा, समरसता और करुणा से सबको गले लगाया था। इसीलिए हम देखते हैं, महर्षि वाल्मीकि की रामायण के राम, माता शबरी और निषादराज के साथ ही पूर्ण होते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित