महराजगंज , मार्च 09 -- महराजगंज जिले के निचलौल थाना क्षेत्र में सोमवार को श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गई। हादसे में 18 लोग घायल हो गए। सभी श्रद्धालु मदनपुर माता मंदिर दर्शन करने जा रहे थे।
यह हादसा भारत-नेपाल सीमा के पास झुलनीपुर नहर पटरी मार्ग स्थित अमडी पुल के पास हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत कर पिकअप में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस की मदद से तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने तीन घायलों की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कोतवाली ठूठीबारी क्षेत्र के गांव निपनिया से करीब 25 श्रद्धालु एक पिकअप में सवार होकर बिहार स्थित मदनपुर माता मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। रास्ते में पंचमुखी शिव मंदिर से आगे अमडी पुल के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गया।
हादसे में नंदलाल (55), जालंधर (56), अभिषेक (4), रानी (40), ओमप्रकाश (65), कैलाशी (50), भुटेली (50), प्रदीप (18), भुआल (20), मीरा (35), चंद्रवती (40) सहित कुल 18 लोग घायल हो गए। इनमें से 11 घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि सात घायलों को मामूली चोट लगने के कारण निजी क्लिनिक से उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित