महराजगंज , फरवरी 9 -- उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में फरेन्दा थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध को लेकर हुए हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। 02 फरवरी 2026 को बैकुण्ठपुर निवासी आदित्य चौरसिया घर से पास के गांव में आर्केस्ट्रा देखने जाने का कहकर निकले थे, लेकिन 06 फरवरी को उनका शव लेजर महदेवा गांव के दुबौलिया पोखरा के पास गेहूं के खेत में मिला।
जांच में पता चला कि आदित्य का मुख्य आरोपी मथुरा गुप्ता की नाबालिग बेटी से प्रेम संबंध था। संबंध उजागर होने पर आरोपी सामाजिक बदनामी के डर से उसे बुलाकर योजनाबद्ध तरीके से हत्या कर दिए और शव को खेत में छिपा दिया। पुलिस अधीक्षक श्री सोमेन्द्र मीणा के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ के मार्गदर्शन में गठित टीम ने डॉग स्क्वायड, फील्ड यूनिट और सर्विलांस की मदद से मामले का खुलासा किया।
इस कार्रवाई में दो नामजद आरोपियों मथुरा गुप्ता और प्रदीप गुप्ता के साथ एक नाबालिग अपचारी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल और हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि मामले में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित