कोरबा , फरवरी 06 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले ने स्वच्छता के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए न केवल देश बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी सशक्त पहचान दर्ज कराई है। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा आयोजित स्वच्छता महासंकल्प एवं हस्ताक्षर अभियान के तहत महज एक घंटे के भीतर 10 हजार से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर कर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में कोरबा का नाम दर्ज कराया।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साक्षी स्वयं कोरबा के नागरिक बने, जहां हजारों लोगों ने एक साथ स्वच्छता की शपथ भी ली।

नगर निगम कोरबा स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार नवाचार कर रहा है। इसी का परिणाम है कि हाल ही में स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर निगम कोरबा को देशभर के सबसे स्वच्छ शहरों में आठवां स्थान प्राप्त हुआ था। इस बड़े सम्मान के बाद एक बार फिर नगर निगम ने नया कीर्तिमान स्थापित कर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूती से प्रस्तुत किया है।

नगर निगम द्वारा स्वच्छता महासंकल्प अभियान का आगाज करते हुए एक घंटे में 10 हजार हस्ताक्षर का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इस विशेष अभियान के दौरान शहर में 280 मीटर लंबा विशाल बैनर लगाया गया, जिस पर आम नागरिकों के साथ-साथ स्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों ने स्वच्छता के प्रति अपनी सहभागिता और प्रतिबद्धता दर्ज कराई।

बड़ी संख्या में लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने इस आयोजन को जनआंदोलन का स्वरूप दे दिया। बच्चे, युवा और बुजुर्ग-हर वर्ग के लोगों ने आगे बढ़कर यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

स्वच्छता महासंकल्प अभियान में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय की विशेष उपस्थिति रही। अतिथियों ने स्वयं भी बैनर पर हस्ताक्षर कर नागरिकों को स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया। आयोजन स्थल पर उपस्थित हजारों लोगों को एक साथ स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित