वडोदरा , फरवरी 02 -- गुजरात के वडोदरा में इंग्लैंड से यहां आये गिनिस वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अधिकारी ने बी.ए.पी.एस. (बोचासनवासी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था) के महंत स्वामी महाराज को सोमवार को विशेष सम्मान-पत्र प्रदान किया।
परम पूज्य महंत स्वामी महाराज के 92वें जन्मजयन्ती महोत्सव का आयोजन अत्यंत भव्यता और गहन भक्तिभाव के साथ वडोदरा में किया गया। उनकी वाणी, प्रभाव, अहं-शून्यता और उच्च आध्यात्मिक स्थिति को दर्शाने वाली विशेष वीडियो प्रस्तुति के साथ, बीएपीएस के वरिष्ठ संतों द्वारा उनके दिव्य जीवन, गुणों और कार्यों पर प्रकाश डालते हुए प्रेरणादायी उद्बोधन दिए गए। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्रभाई पटेल तथा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव का बी.ए.पी.एस. के वरिष्ठ संतों ने स्वागत किया तथा इस अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमितभाई शाह द्वारा प्रेषित शुभकामना संदेश का वाचन किया गया।
गिनिस वर्ल्ड रेकॉर्ड सम्मान, 15,000 से अधिक बच्चों द्वारा संस्कृत श्लोकों का पूर्ण मुखपाठ गिनिस वर्ल्ड रिकॉर्ड्स द्वारा 'हिन्दू ग्रंथ के सबसे विराट सामूहिक पाठ' के लिए यह रिकॉर्ड इस महोत्सव के दौरान इंग्लैंड से यहां आये गिनिस वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अधिकारी ने परम पूज्य महंत स्वामी महाराज को प्रदान किया।
प पू महंत स्वामी महाराज की प्रेरणा से बी.ए.पी.एस. संस्था के तीन से 13 वर्ष की आयु के 15,000 से अधिक बच्चों ने सत्संगदीक्षा ग्रंथ का एक वर्ष में संस्कृत में पूर्ण मुखपाठ किया। महंत स्वामी महाराज द्वारा रचित 315 श्लोकों से युक्त सत्संगदीक्षा ग्रंथ आध्यात्मिक, नैतिक, सामाजिक और व्यावहारिक जीवन के लिए प्रेरणा प्रदान करता है। यह एक ऐतिहासिक और विरल उपलब्धि है कि किसी एक संस्कृत ग्रंथ का उसके रचयिता की प्रत्यक्ष उपस्थिति में 15,666 बालक-बालिकाओं द्वारा मात्र एक वर्ष में संपूर्ण ग्रंथ अर्थात 315 श्लोकों का सामूहिक मुखपाठ और गायन किया गया हो।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर लाखों दीपों के साथ की गई सामूहिक आरती के दौरान अत्यंत भावविभोर और हृदयस्पर्शी वातावरण निर्मित हुआ। जन्मदिवस समारोह में बी.ए.पी.एस. के 800 संतों तथा लगभग दो लाख भक्तों की स्थल पर उपस्थिति रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित