नयी दिल्ली , मार्च 29 -- नेशनल अकाली दल ने केंद्र सरकार से महंगाई और कालाबाजारी के खिलाफ युद्ध स्तर पर कार्रवाई करने की मांग की है।

नेशनल अकाली दल ने रविवार को यहां कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों, विशेषकर अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है। गैस सिलेंडर, सब्जियों, दालों सहित आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में उछाल के बीच कालाबाजारी की शिकायतें मिल रही हैं, जिसको लेकर सरकार को युद्ध स्तर पर कार्रवाई करनी चाहिए। पार्टी ने इसे आम जनता के हक की निर्णायक लड़ाई बताया है।

नेशनल अकाली दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा ने दिल्ली प्रदेश कार्यकारिणी के गठन की घोषणा के अवसर पर कहा कि जिस प्रकार देश बाहरी चुनौतियों का सामना मजबूती से करता है, उसी तरह अब महंगाई और कालाबाजारी के खिलाफ भी सख्त और निर्णायक कदम उठाने का समय आ गया है। उन्होंने कहा, "यह केवल आर्थिक मुद्दा नहीं, बल्कि आम आदमी की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ा संघर्ष है। सरकार को चाहिए कि वह इसे 'जन-युद्ध' मानकर ठोस और प्रभावी कार्रवाई करे।"उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही महंगाई और कालाबाजारी पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगी।

इस अवसर पर संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से श्री कुलदीप सिंह मारवाह को दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया। पार्टी नेतृत्व ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में दिल्ली में संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। साथ ही नई प्रदेश कार्यकारिणी की भी घोषणा की गई।

नई कार्यकारिणी में वरिष्ठ उपाध्यक्ष के रूप में श्री वरिंदर सिंह अरोड़ा और सुरजीत सिंह नैयर, उपाध्यक्ष के तौर पर श्री त्रिलोहन सिंह, मंदीप सिंह, कुलदीप सिंह सचदेवा, वरिंदर आर्य, प्रभजोत सिंह बेदी और राज कुमार मित्तल को जिम्मेदारी सौंपी गयी है।

वहीं महासचिव के पद पर श्री बलबीर सिंह, सचिव के रूप में श्री गुरपाल सिंह ओभान, तरुण सोनी और बलविंदर सिंह सरना को नियुक्त किया गया है, जबकि संगठन सचिव के रूप में श्री मंदीप सिंह को जिम्मेदारी दी गयी है।

कार्यक्रम में मौजूद पार्टी की वरिष्ठ नेता भावना धवन, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरमिंदर पाल सिंह बख्शी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष परविंदर सिंह सबरवाल, राष्ट्रीय सचिव विक्रांत मोहन, जसबीर सिंह सरना, जसविंदर सिंह सबरवाल, रेसमीत कौर बिंद्रा, रिधम चड्ढा (प्रेसिडेंट, एजुकेशन विंग, दिल्ली) और सोना बत्रा सहित अन्य नेता उपस्थित रहे और सभी ने नयी टीम का स्वागत किया।

इस मौके पर श्री मारवाह ने सरकार से पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर नियंत्रण करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से परिवहन लागत बढ़ती है, जिसका सीधा असर खाद्य पदार्थों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर पड़ता है, जिससे आम जनता पर महंगाई का दोहरा बोझ पड़ रहा है।

नेताओं ने संकल्प लिया कि वे जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए महंगाई और कालाबाजारी के खिलाफ इस जन-युद्ध में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित