श्रीनगर , जनवरी 13 -- श्रीनगर से सांसद रुहुल्लाह मेहदी ने मंगलवार को कहा कि कश्मीर में मस्जिदों, मदरसों और उनके प्रबंधन से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी इकट्ठा करना बड़े "दक्षिणपंथी वैचारिक प्रोजेक्ट" का हिस्सा है, जिसका मकसद धार्मिक रीति-रिवाजों पर नियंत्रण करना है।
जम्मू-कश्मीर पुलिस पिछले एक महीने से, पूरे कश्मीर में घाटी की मस्जिदों के साथ-साथ उनके इमामों और उनकी प्रबंध समितियो के सदस्यों के बारे में जानकारी इकट्ठा कर रही है। पुलिस इन मस्जिदों के लिये बजट और फंडिंग के स्रोतों के बारे में भी पूछ रही है। कश्मीर में मस्जिदों और उनके इमामों के बारे में जानकारी इकट्ठा करने का यह पहला बड़ा अभियान है।
श्री मेहदी ने श्रीनगर में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान इस कार्रवाई पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह सिर्फ दिल्ली में लाल किले पर हुए हमले से जुड़ा नहीं है, बल्कि यह "एक खास दक्षिणपंथी विचारधारा का प्रोजेक्ट" है, जो संघ की विचारधारा से मेल न खाने वाले धर्मों को नियंत्रित करना चाहता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित