पटना , जनवरी 22 -- बिहार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने गुरूवार को बताया कि कि देश के कुल मशरूम उत्पादन में बिहार का योगदान लगभग 12 प्रतिशत है, जिससे राज्य इस क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
कृषि मंत्री श्री यादव ने आज बयान जारी कर कहा कि बिहार में मशरूम उत्पादन निरंतर प्रगति की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में जहां राज्य का कुल मशरूम उत्पादन 35 हजार मीट्रिक टन था, वहीं 2023-24 में यह बढ़कर 42 हजार मीट्रिक टन हो गया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024-25 में यह उत्पादन और बढ़कर लगभग 44 हजार 930 मीट्रिक टन तक पहुँच गया है। उन्होंने कहा कि यह सतत वृद्धि बिहार की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था में मशरूम उत्पादन के बढ़ते महत्व और संभावनाओं को दर्शाती है।
श्री यादव ने बताया कि देश के कुल मशरूम उत्पादन में बिहार का योगदान लगभग 12 प्रतिशत है, जिससे राज्य इस क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार द्वारा संचालित मशरूम उत्पादन योजना के प्रभावी एवं सतत क्रियान्वयन के परिणामस्वरूप राज्य में मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। यह प्रगति किसानों की आय में वृद्धि, पोषण सुरक्षा के सुदृढ़ीकरण तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
कृषि मंत्री ने कहा कि आज मशरूम उत्पादन बिहार की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था में कम लागत, अधिक आय और रोजगार सृजन की क्षमता वाले एक मजबूत, टिकाऊ एवं भविष्यन्मुखी विकल्प के रूप में उभर कर सामने आया है।उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत अनुदान, आधारभूत संरचना, प्रशिक्षण तथा कृषि विश्वविद्यालयों के तकनीकी सहयोग से किसानों एवं उद्यमियों को वैज्ञानिक पद्धति से मशरूम उत्पादन के लिए सक्षम किया जा रहा है। कम भूमि, अल्प निवेश और कम समय में नियमित आमदनी देने वाली यह गतिविधि छोटे एवं सीमांत किसानों, भूमिहीन परिवारों, महिलाओं तथा ग्रामीण युवाओं के लिए घर के पास रोजगार का सशक्त माध्यम बन रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित