अम्बिकापुर , अप्रैल 03 -- खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में सरगुजा जिले के अम्बिकापुर स्थित गांधी स्टेडियम में आयोजित डेमो खेल मल्लखंभ प्रतियोगिता का 03 अप्रैल को शानदार समापन हुआ। प्रतियोगिता में देशभर से आए खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिससे पूरा स्टेडियम रोमांच और उत्साह से भर गया।

मल्लखंभ प्रतियोगिता के दौरान रोप मल्लखंभ, पोल मल्लखंभ, हैंगिंग मल्लखंभ और पिरामिड मल्लखंभ जैसी विभिन्न विधाओं में खिलाड़ियों ने संतुलन, शक्ति और लचीलापन का अद्भुत प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों के कठिन और आकर्षक करतबों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया, जिससे प्रतियोगिता का माहौल और भी जीवंत हो गया।

इस प्रतियोगिता में देश के 14 राज्यों की टीमों ने हिस्सा लिया और सभी टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। प्रत्येक राज्य के खिलाड़ियों ने जीत हासिल करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन छत्तीसगढ़ की टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी को पीछे छोड़ दिया। छत्तीसगढ़ ने बालक और बालिका दोनों वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

बालक वर्ग में छत्तीसगढ़ की टीम ने 124.35 अंक अर्जित कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इस वर्ग में महाराष्ट्र की टीम 118.35 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही और उसे रजत पदक मिला, जबकि झारखंड की टीम ने 86.95 अंक प्राप्त कर कांस्य पदक हासिल किया। इसी तरह बालिका वर्ग में भी छत्तीसगढ़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 80.15 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता। महाराष्ट्र की टीम 69.90 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही और झारखंड की टीम 49.80 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित