कुआलालंपुर , नवंबर 10 -- मलेशिया-थाईलैंड समुद्री सीमा के पास पानी में लगभग 100 प्रवासियों को ले जा रही एक नाव के डूब जाने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई है जबकि कुल 13 लोगों को बचा लिया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यहां यह जानकारी दी।
मलेशियाई समुद्री प्रवर्तन एजेंसी (एमएमईए) ने एक बयान में कहा कि खोज और बचाव अभियान 255.66 वर्ग समुद्री मील तक चलाया गया है।
मलेशियाई की तटरक्षक एजेंसी ने कहा कि वह समुद्री पुलिस, रॉयल मलेशियाई नौसेना, अग्निशमन एवं बचाव विभाग, मत्स्य विभाग और नागरिक सुरक्षा बल के साथ सहयोग कर रही है और कई जहाज और विमान इस प्रयास में लगे हुए हैं।
मलेशियाई अधिकारियों ने रविवार को कहा था कि लगभग 300 प्रवासी एक बड़े जहाज पर सवार होकर म्यांमार से रवाना हुए। जैसे ही बड़ा जहाज मलेशियाई समुद्री सीमा के पास पहुंचा। अधिकारियों की नज़रों से बचने के लिए प्रवासियों को तीन छोटी नावों में बांट कर रवाना किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि 100 लोगों को ले जा रही इन नावों में से एक तीन दिन पहले पलट गई थी और बाकी दो नावों की स्थिति अभी भी अज्ञात है।
इस बीच केदाह के पुलिस प्रमुख अदजली अबू शाह ने एक प्रेस वार्ता में बताया कि केदाह राज्य के तेलुक इवा और आसपास के तटीय इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही निवासियों से आग्रह किया गया है कि अगर उन्हें इलाके में कोई जीवित व्यक्ति छिपा हुआ या फंसा हुआ दिखाई दे तो वे अधिकारियों को सूचित करें।
उन्होंने कहा कि पुलिस एमएमईए के साथ मिलकर उस स्थान का पता लगाने की कोशिश कर रही है जहां जहाज डूबा था और मलेशिया में प्रवासियों की तस्करी करने वालों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
इस बीच थाई मीडिया ने आज बताया कि मलेशिया-थाईलैंड समुद्री सीमा के पास एक नाव के पलटने के बाद चार शव बरामद किए गए हैं।
थाई अधिकारियों के अनुसार पीड़ितों के शव रविवार को दक्षिणी थाईलैंड के सतुन प्रांत में तारुताओ द्वीप के पास समुद्र में तैरते हुए पाए गए और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।
सतुन के गवर्नर सकरा कपिलकर्ण ने समुद्र और जमीन के रास्ते तत्काल बड़े पैमाने पर खोज और बचाव अभियान चलाने का आदेश दिया है। इस अभियान का उद्देश्य द्वीप के दक्षिणी तट पर उन सभी जीवित बचे लोगों की तलाश पर केन्द्रित होगा जो संभवतः किनारे पर आ गए हों।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित