कोंडागांव , अप्रैल 03 -- छत्तीसगढ़ में कोंडागांव जिले के मर्दापाल क्षेत्र में प्रस्तावित शराब दुकान के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मर्दापाल के नेतृत्व में प्रशासन के खिलाफ विरोध तेज हो गया है। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कोंडागांव के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर शराब दुकान खोलने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि मर्दापाल क्षेत्र आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। कई गांवों में बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं पर्याप्त नहीं हैं। ऐसे में क्षेत्र के विकास की अनदेखी कर शराब दुकान खोलने की तैयारी करना स्थानीय लोगों के हितों के खिलाफ है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि शासन-प्रशासन विकास कार्यों के बजाय राजस्व बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र कोर्राम ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में मर्दापाल में कॉलेज, आईटीआई की स्थापना और तहसील का दर्जा मिला, लेकिन वर्तमान में विकास के बजाय शराब दुकान खोलने की योजना बनाई जा रही है, जो क्षेत्र के लिए हानिकारक है।
जिला कांग्रेस महामंत्री रितेश पटेल ने कहा कि मर्दापाल में शराब दुकान खोलना युवाओं को नशे की ओर धकेलने जैसा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इसका पुरजोर विरोध करती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि सरकार राजस्व बढ़ाने के लिए शराब दुकान खोलना चाहती है तो हर गांव में ऐसी दुकान खोल दे।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि प्रस्तावित शराब दुकान पर तत्काल रोक नहीं लगाई गई तो मर्दापाल से कोंडागांव कलेक्टर कार्यालय तक पदयात्रा निकाली जाएगी और जरूरत पड़ने पर कलेक्टर कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान देवेंद्र कोर्राम, वरुण सेठिया, लालसाय बघेल, वीरेंद्र सेठिया, रामलाल सोढ़ी, रितेश पटेल, तरुण गोलछा, नरेन्द्र देवांगन, कमलेश दुबे और रविन्द्र दीवान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित