जालना , अक्टूबर 05 -- मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जारंगे पाटिल ने महाराष्ट्र की मंत्री पंकजा मुंडे और पूर्व मंत्री धनंजय मुंडे को ओबीसी नेता छगन भुजबल के मराठा आंदोलन के विरोध का समर्थन न करने की चेतावनी दी है।

जरांगे पाटिल ने सुश्री पंकजा और श्री धनंजय को चेतावनी देते हुए कहा, "छगन भुजबल के जाल में मत फंसो। अगर आप उनका समर्थन करके मराठा समुदाय का विरोध करते हैं, तो यह आपके राजनीतिक पतन और आपके करियर को खत्म कर देगा।"हाल के हफ्तों में मराठा आरक्षण को लेकर जरांगे पाटिल और श्री भुजबल के बीच टकराव तेज हो गया है। जरांगे पाटिल लगातार भुजबल पर आंदोलन के विरोध के लिए निशाना साध रहे हैं।

राज्य सरकार ने हाल ही में मराठा समुदाय के सदस्यों को कुनबी जाति प्रमाण पत्र प्रदान करने की सुविधा के लिए हैदराबाद गजेटियर को लागू करने का प्रस्ताव जारी किया है। कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने हालांकि इस फैसले को अवैध बताया है और इसे वापस लेने की मांग की है। श्री भुजबल ने यह भी सवाल उठाया कि सरकार ने विधि एवं न्यायपालिका विभाग से परामर्श किए बिना प्रस्ताव को कैसे लागू किया।

ओबीसी नेता इस मुद्दे पर आक्रामक हो गए हैं और उनका कहना है कि मराठा समुदाय को ओबीसी कोटे में शामिल नहीं किया जाना चाहिए। जवाब में जरांगे पाटिल ने वडेट्टीवार और भुजबल दोनों की आलोचना की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि मराठा आरक्षण का विरोध करने वालों का समर्थन करने वाले किसी भी व्यक्ति को मराठा समुदाय चुनावों में सबक सिखाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित