चौ. संभाजीनगर , अक्टूबर 20 -- मौसम विभाग (आईएमडी) ने 21 अक्टूबर से महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और अन्य क्षेत्रों के लिये मौसम संबंधी चेतावनी जारी की है। इसमें अगले तीन दिनों में गरज के साथ आंधी तूफान की चेतावनी दी गयी है।

यह चेतावनी मौसम विभाग के उस पूर्वानुमान के बाद जारी की गयी है जिसमें कहा गया था कि 21 अक्टूबर के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दाब का क्षेत्र बनने की संभावना है।यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ सकता है और अगले 48 घंटों के भीतर मध्य और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में एक गहरा दबाव बन सकता है।

नवीनतम पूर्वानुमान के अनुसार 21 से 23 अक्टूबर तक कोंकण और गोवा, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में गरज के साथ आंधी तूफान की आशंका है। विभाग ने कहा कि निम्न दाब का यह क्षेत्र कई क्षेत्रों में मौसमी रूख को प्रभावित कर सकता है, जिससे रुक-रुक कर बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।

.मराठवाड़ा के आठ जिलों के लिए जिलावार पूर्वानुमान अलग-अलग मौसम पैटर्न दर्शाते हैं। परभणी और हिंगोली में 21 अक्टूबर को गरज के साथ बिजली चमकने, हल्की से मध्यम वर्षा और कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके बाद 22 अक्टूबर को हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं और 23 अक्टूबर को मौसम शुष्क रहेगा।

नांदेड़ को येलो अलर्ट में रखा गया है। वहां 21 अक्टूबर को गरज के साथ बिजली चमकने और समान तीव्रता की तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इसके बाद 22 अक्टूबर को हल्की बारिश और 23 अक्टूबर को शुष्क मौसम रहेगा।

लातूर जिले में 21 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने, 22 अक्टूबर को हल्की बारिश और अगले दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

बीड और धाराशिव जिलों में 21 और 23 अक्टूबर को हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है, जबकि 22 अक्टूबर को हल्की बारिश की उम्मीद है।

छत्रपति संभाजीनगर जिले में 21 अक्टूबर को शुष्क मौसम रहने की संभावना है। उसके बाद 22 और 23 अक्टूबर को हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस बीच जालना जिले में 21 अक्टूबर को मौसम शुष्क रह सकता है और 22 अक्टूबर को हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं और 23 अक्टूबर को फिर से मौसम शुष्क हो सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित