छत्रपति संभाजीनगर , अप्रैल 11 -- महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में शनिवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किये गये, जिससे हिंगोली, परभणी और नांदेड़ जिलों में लोगों में कुछ समय के लिए दहशत फैल गयी। अधिकारियों के अनुसार, सुबह 8:45 से 8:46 बजे के बीच झटके महसूस किये गये। सबसे पहले हिंगोली में प्रभाव दर्ज किया गया, जिसके बाद परभणी और नांदेड़ में भी कंपन महसूस हुआ। हिंगोली शहर, बसमत,औंढा और कलमनुरी तहसीलों में कई लोग घरों से बाहर निकल आये, जबकि खिड़कियां और बर्तन हिलने लगे।

भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.7 मापी गयी, जिसकी पुष्टि लातूर स्थित भूकंपीय केंद्र ने की। नांदेड़ केकुछ ग्रामीण इलाकों में जमीन हिलने की स्पष्ट अनुभूति की भी सूचना मिली है।

अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है। परभणी जिला प्रशासन ने भी पुष्टि की कि हिंगोली में उत्पन्न झटके जिले के कुछ हिस्सों में महसूस किये गये।प्रशासन ने लोगों से शांति बनाये रखने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। साथ ही अफवाहों और अपुष्ट संदेशों से बचने की सलाह दी गयी है।

नागरिकों को निर्देश दिया गया है कि झटकों के दौरान घबराएं नहीं, सुरक्षित स्थानों पर शरण लें, सिर की सुरक्षा करें और कंपन रुकने के बाद खुले स्थानों की ओर जायें। लिफ्ट का उपयोग न करने, भगदड़ से बचने और कमजोर ढांचों और खुले बिजली तारों से दूर रहने की भी सलाह दी गयी है।

आपात स्थिति में नागरिक जिला आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष से संपर्क कर सकते हैं, जहां सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किये गये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित