कोलकाता , फरवरी 01 -- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को केंद्रीय बजट पर हमला बोलते हुए इसे भेदभाव करने वाला और 'झूठ का पुलिंदा' बताते हुए पश्चिम बंगाल को उसके हक से वंचित करने का आरोप लगाया।

सुश्री बनर्जी ने दिल्ली जाने से पहले कोलकाता हवाई अड्डा पर पत्रकारों से बात करते हुए बजट में आम लोगों या सामाजिक सुरक्षा के लिए कुछ भी नहीं करने का आरोप लगाते हुए पश्चिम बंगाल के खिलाफ राजनीतिक भेदभाव का प्रकटीकरण बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा, "आम नागरिकों के लिए कुछ नहीं है। सामाजिक सुरक्षा के लिए कुछ नहीं है। वे बंगाल में हारेंगे। राजनीतिक रूप से वे यहां कुछ नहीं कर सकते। इसीलिए पश्चिम बंगाल को वंचित किया जा रहा है।" उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार धन नहीं दे रही है क्योंकि उसे राज्य में चुनावी हार का डर है।

सुश्री बनर्जी ने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) व्यवस्था की आलोचना करते हुए यह दावा किया कि सारा राजस्व केंद्र सरकार इकट्ठा कर रही है जबकि पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों को उसके सही हिस्से से वंचित किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित