नयी दिल्ली , मार्च 07 -- डेरेक ओ'ब्रायन ने शनिवार को अपनी पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी के धरने का समर्थन करते हुए भाजपा पर एलपीजी कीमतों में वृद्धि और मतदाता सूची से महिलाओं के नाम हटाने के आरोप को लेकर तीखा हमला बोला।
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता डेरेक ओ'ब्रायन ने अपने व्हाट्सऐप चैनल पर पोस्ट करते हुए कहा कि सुश्री ममता बनर्जी का धरना अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा। उन्होंने लिखा, "धरने के दूसरे दिन ममता बनर्जी की साफ बात-यह आंदोलन अनिश्चितकाल तक चलेगा।"श्री डेरेक ओ'ब्रायन ने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर केंद्र सरकार ने रसोई गैस की कीमत बढ़ाकर आम परिवारों पर बोझ डाला है। उन्होंने कहा, "महिला दिवस का बीजेपी का तोहफा-एलपीजी की कीमत में बढ़ोतरी।"उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मतदाता सूची में अनियमितताएं हो रही हैं और कई महिलाओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं। यह मुद्दा भी पार्टी के विरोध प्रदर्शन का हिस्सा है।
श्री डेरेक ओ'ब्रायन ने कहा कि सुश्री ममता बनर्जी ने धरने के दौरान धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक सद्भाव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा, "आप किसी भी धर्म का पालन कर सकते हैं-हम मानवता के धर्म में विश्वास करते हैं।"सुश्री ममता बनर्जी ने यह धरना बढ़ती महंगाई, शासन से जुड़े मुद्दों और कथित चुनावी गड़बड़ियों को लेकर शुरू किया है। यह आंदोलन ऐसे समय में हो रहा है जब पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक टकराव तेज है और आगामी चुनावों को लेकर बयानबाजी बढ़ गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित