कोलकाता , अप्रैल 01 -- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी पर सांप्रदायिक कार्ड खेलकर राज्य को विभाजित करने की कोशिश करने का आरोप लगाया और लोगों से ऐसी किसी भी साजिश को नाकाम करने का आग्रह किया।

सुश्री बनर्जी ने मुर्शिदाबाद जिले के बरोआन में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, "भाजपा मुस्लिम विरोधी है और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के नाम मनमाने तरीके से हटाए गए हैं।"सुश्री बनर्जी ने मुस्लिम बहुल जिले के लोगों को चेतावनी दी कि जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं उन्हें नजरबंदी शिविरों में भेजा जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा, "उन्होंने आपको कतार में खड़ा होने के लिए मजबूर किया है और अब वे यह साबित करने की कोशिश करेंगे कि आप मतदाता नहीं हैं। फिर वे आपको नजरबंदी शिविर में भेज देंगे। उन्होंने बिना किसी कारण के नाम हटा दिए हैं।"सुश्री बनर्जी ने लोगों से भाजपा के पक्ष में एक भी वोट नहीं डालने की शपथ लेने का आग्रह किया। उन्होंने केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार की ओर स्पष्ट इशारा करते हुए कहा, "इसे अपना एक सूत्री कार्यक्रम बनाइए। भाजपा शासित राज्यों में प्रवासी श्रमिकों को बंगाली बोलने पर गाली-गलौज और मारपीट का सामना करना पड़ा। भाजपा घुसपैठ की बात करती है। सबसे बड़े घुसपैठिए तो वे खुद हैं क्योंकि सीमा की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनका कर्तव्य है।"सुश्री बनर्जी ने खुद को सभी सीटों पर उम्मीदवार के रूप में पेश किया और जनता से तृणमूल उम्मीदवारों के बजाय उन्हें वोट देने का आग्रह किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित