जयपुर , फरवरी 22 -- राजस्थान के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात कार्यक्रम को देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बताते हुए कहा है कि इस कार्यक्रम का संवाद राष्ट्र के विकास, नवाचार और सांस्कृतिक चेतना को नई दिशा देता है।
श्री राठौड़ रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में मन की बात कार्यक्रम सुनने के बाद यह बात कही। उन्होंने कहा कि मन की बात कार्यक्रम देशवासियों के लिए निरंतर प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश देश को आत्मनिर्भर, सशक्त और समरस भारत की दिशा में आगे बढ़ाने का आह्वान है। भाजपा संगठन इस संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करेगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रभक्ति को सर्वोपरि मानते हुए समाज के उत्थान और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विस्थापितों को उनका उचित मुआवजा मिलना चाहिए। यदि कहीं भ्रष्टाचार हुआ है तो जांच के आधार पर दोषियों को कठोर दंड दिया जाएगा। कठोर दंड के प्रावधानों से अपराध पर अंकुश लगेगा और व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।
इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगडी, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित